रायपुर, 30 मई 2026

छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी पहल ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत राजपुर में आयोजित क्लस्टर स्तरीय समाधान शिविर ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। शिविर में प्राप्त 872 आवेदनों में से 603 का तत्काल निराकरण कर प्रशासन ने सुशासन की मिसाल पेश की।

राजपुर क्लस्टर के अंतर्गत आने वाली 14 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण अपनी समस्याएं और मांगें लेकर शिविर में पहुंचे। प्राप्त आवेदनों में 869 मांग संबंधी और 3 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 601 मांगों और 2 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया। शेष मामलों के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। जनपद पंचायत मगरलोड ने 5 परिवारों को नए राशन कार्ड वितरित किए, जबकि समाज कल्याण विभाग ने एक दिव्यांग हितग्राही को ट्राईसिकल प्रदान की। वहीं श्रम विभाग ने 4 श्रमिकों को श्रम कार्ड सौंपे।

स्वास्थ्य विभाग के शिविर में 65 ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें सिकल सेल, ब्लड प्रेशर, शुगर एवं मौसमी बीमारियों की जांच शामिल रही। इसके अलावा 5 वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड प्रदान किए गए। परिवहन विभाग ने मौके पर ही 15 ड्राइविंग लाइसेंस बनाए तथा 7 लोगों के दस्तावेजों का डिजिटल अपडेशन किया।

शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जिन कार्यों के लिए पहले उन्हें ब्लॉक और जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे, वे अब गांव में ही एक छत के नीचे पूरे हो रहे हैं। इससे समय और धन दोनों की बचत हुई है तथा शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts