Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना : कल मेधावी श्रमिक बच्चों को सम्मानित करेंगे CM साय, टॉप-10 विद्यार्थियों को मिलेगा 2 लाख रुपए का लाभ

मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना : कल मेधावी श्रमिक बच्चों को सम्मानित करेंगे CM साय, टॉप-10 विद्यार्थियों को मिलेगा 2 लाख रुपए का लाभ

रायपुर  , 4 जून 2026

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 5 जून को दोपहर 2:30 बजे न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन रायपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में टॉप-10 में स्थान हासिल करने वाले पंजीकृत श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. राम प्रताप सिंह भी मौजूद रहेंगे।

योजना के तहत चयनित प्रत्येक मेधावी विद्यार्थी को 1 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा उच्च शिक्षा और आवागमन की सुविधा के लिए दोपहिया वाहन खरीदने हेतु 1 लाख रुपए का विशेष अनुदान भी दिया जाएगा। इस प्रकार प्रत्येक लाभार्थी छात्र को कुल 2 लाख रुपए की सहायता राशि का चेक वितरित किया जाएगा।

योजना की पात्रता और प्रमुख शर्तें

छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अनुसार योजना का लाभ लेने के लिए हितग्राही श्रमिक का मंडल में कम से कम 90 दिन पूर्व से पंजीकृत होना अनिवार्य है। यह प्रोत्साहन राशि पंजीकृत निर्माण श्रमिक के प्रथम दो बच्चों तक ही सीमित रहेगी। साथ ही, इस योजना का लाभ एक शैक्षणिक वर्ष में केवल एक बार ही प्राप्त किया जा सकेगा।

राज्य सरकार की यह योजना श्रमिक परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने भविष्य को संवारने के लिए महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *