Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > जगदलपुर सेंट्रल जेल में 5 दिन में दूसरी मौत, नक्सल मामलों के आरोपी कैदी ने उपचार के दौरान तोड़ा दम

जगदलपुर सेंट्रल जेल में 5 दिन में दूसरी मौत, नक्सल मामलों के आरोपी कैदी ने उपचार के दौरान तोड़ा दम

जगदलपुर , 5 जून 2026

बस्तर जिले के जगदलपुर सेंट्रल जेल में पांच दिनों के भीतर दूसरी मौत का मामला सामने आया है। रविवार को एक महिला बंदी द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद अब नक्सल मामलों में बंद कैदी रमेश कुंजाम की उपचार के दौरान मौत हो गई है। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने जेल प्रशासन की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रमेश कुंजाम के रूप में हुई है, जो दंतेवाड़ा जिले के लिंगापुर का निवासी था। रमेश कुंजाम नक्सल गतिविधियों से जुड़े मामलों में जेल में बंद था। उसे नवंबर 2025 में दंतेवाड़ा जेल से स्थानांतरित कर जगदलपुर सेंट्रल जेल लाया गया था।

बताया जा रहा है कि 4 जून को जेल परिसर स्थित बाथरूम की छत का हिस्सा गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। हालत बिगड़ने पर उसे तत्काल डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।

गौरतलब है कि इससे पहले रविवार को केंद्रीय जेल में एक महिला बंदी ने चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पांच दिनों के भीतर दो बंदियों की मौत ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल प्रशासन ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं लगातार हो रही घटनाओं के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और बंदियों की निगरानी प्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *