Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > मुख्यमंत्री निवास में देर रात 2 बजे तक चली मैराथन बैठक, मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलों पर नेताओं ने दी सफाई

मुख्यमंत्री निवास में देर रात 2 बजे तक चली मैराथन बैठक, मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलों पर नेताओं ने दी सफाई

रायपुर, 19 जून 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सरकारी निवास में गुरुवार देर रात आयोजित हाई लेवल बैठक ने प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया। करीब पांच घंटे तक चली मैराथन बैठक रात लगभग 2 बजे समाप्त हुई, जिसमें मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

सूत्रों के अनुसार प्रदेश और प्रदेश के बाहर दौरे पर मौजूद कई मंत्रियों को भी तत्काल रायपुर बुलाया गया था। देर रात हुई इस बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में मंत्रिमंडल फेरबदल और संगठनात्मक बदलावों की अटकलें लगाई जाने लगीं।

बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह सत्ता और संगठन के बीच होने वाली नियमित समीक्षा बैठक थी। उन्होंने बताया कि आगामी कार्यक्रमों, मंत्री-विधायकों के दौरों और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर रणनीति तैयार की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक में मंत्रिमंडल फेरबदल पर कोई चर्चा नहीं हुई।

वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे रूटीन बैठक बताते हुए कहा कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक के बाद मंत्री रामविचार नेताम ने मुस्कुराते हुए कहा, “सब सेफ है, छत्तीसगढ़ सेफ है”, और मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर लगाए जा रहे सभी कयासों को निराधार बताया।

मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि बैठक में प्रभार क्षेत्रों के दौरे, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा जनप्रतिनिधियों के कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

हालांकि नेताओं ने इसे नियमित समीक्षा बैठक बताया है, लेकिन देर रात मुख्यमंत्री निवास में हुई इस लंबी बैठक ने प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *