Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > छत्तीसगढ़ में AI तकनीक से होगी पीएमजीएसवाई सड़कों की निगरानी, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का बड़ा फैसला

छत्तीसगढ़ में AI तकनीक से होगी पीएमजीएसवाई सड़कों की निगरानी, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का बड़ा फैसला

रायपुर,10 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी ग्रामीण सड़कों के रखरखाव और गुणवत्ता सुधार के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का उपयोग करने का फैसला किया है। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने पीएमजीएसवाई की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को AI आधारित सड़क निरीक्षण प्रणाली को जल्द लागू करने के निर्देश दिए।

नई व्यवस्था के तहत राज्य की प्रत्येक PMGSY सड़क का हर महीने वीडियो आधारित निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए विशेष AI आधारित ऐप और डैशबोर्ड तैयार किया गया है। AI तकनीक सड़कों पर मौजूद गड्ढों (Potholes), दरारों और अन्य क्षतियों की स्वतः पहचान कर उनका विश्लेषण करेगी। इससे सड़कों की वास्तविक स्थिति की सटीक जानकारी मिलेगी और निगरानी व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि AI से प्राप्त डेटा के आधार पर सबसे अधिक क्षतिग्रस्त सड़कों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता से मरम्मत के लिए चुना जाएगा। इसके अनुसार बजट कार्ययोजना तैयार कर त्वरित संधारण कार्य शुरू किया जाएगा। इससे सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनेगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कल से प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक चयनित सड़क पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में AI आधारित निरीक्षण शुरू किया जाए। प्रारंभिक परिणामों के विश्लेषण के बाद इस प्रणाली को पूरे राज्य में लागू किया जाएगा। इससे सड़कों की आयु बढ़ेगी और समय पर मरम्मत से लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, सचिव भीम सिंह, सचिव धर्मेश साहू, प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा, एनआरएलएम के संचालक अश्वनी देवांगन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *