Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का अवसर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के फैसले का छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन ने किया स्वागत

उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का अवसर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के फैसले का छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन ने किया स्वागत

रायपुर, 10 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के महासचिव विक्रम सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान एसोसिएशन ने राज्य सरकार द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ियों के हित में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

एसोसिएशन ने विशेष रूप से 20 विभिन्न खेलों के 156 खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए जाने और उन्हें शासकीय सेवा में लाभ का अवसर देने के निर्णय का स्वागत किया। पदाधिकारियों ने कहा कि इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने इसे खेल प्रतिभाओं के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को उनकी प्रतिभा और उपलब्धियों के अनुरूप बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा माहौल तैयार करना है, जहां खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, संसाधन और सम्मान मिल सके। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर देने का निर्णय युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेगा और प्रदेश में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देगा।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी हैं।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलम्पिक एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने राज्य में खेल अधोसंरचना के विकास और खिलाड़ियों के हित में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *