जगदलपुर, 16 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन के चिकित्सा शिक्षा (आयुष) विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल के बस्तर संभाग के प्रथम प्रवास के दौरान जगदलपुर में योग और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। उनके आगमन पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. मोहनीश साहू सहित आयुष विभाग के चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं विभिन्न योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने आत्मीय स्वागत किया।
जगदलपुर स्थित विश्राम गृह में आयोजित संक्षिप्त बैठक में योग आयोग अध्यक्ष ने आयुष विभाग के अधिकारियों के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पूरे प्रदेश में योग के व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रत्येक व्यक्ति तक योग को पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित समाज के निर्माण का आधार भी है।
इसी क्रम में आयुष विभाग एवं विभिन्न योगिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में शांतिनगर स्थित माँ दुर्गा मंदिर प्रांगण में विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में आम नागरिकों, योग प्रशिक्षकों और योग साधकों ने भाग लिया।
योग आयोग अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने शिविर को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने “नशामुक्त छत्तीसगढ़” के संकल्प को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए सूक्ष्म व्यायाम, विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। साथ ही उन्होंने अनेक सामान्य बीमारियों से बचाव एवं स्वास्थ्य लाभ के लिए योग आधारित उपाय भी बताए।
कार्यक्रम में जगदलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए योग साधकों और विभिन्न योगिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही। शिविर के समापन अवसर पर विभिन्न संस्थाओं द्वारा संजय अग्रवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। अंत में जिला आयुष अधिकारी डॉ. मोहनीश साहू ने आयुष विभाग की ओर से सभी अतिथियों, योग प्रशिक्षकों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
आयुष विभाग के अनुसार, 17 जुलाई को बस्तर जिले के चिकित्सकों, कर्मचारियों, योग प्रशिक्षकों तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के समस्त स्टाफ के साथ एक विशेष बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें जिले में योग गतिविधियों के विस्तार और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा होगी।
