Dark Light

Blog Post

paperonscreen.com > News > All > महासमुंद में किसानों का बढ़ा रुझान, धान छोड़ मूंगफली की खेती से बढ़ रही आमदनी

महासमुंद में किसानों का बढ़ा रुझान, धान छोड़ मूंगफली की खेती से बढ़ रही आमदनी

रायपुर, 18 जुलाई 2026

राज्य के किसान अब लाभकारी वैकल्पिक फसलों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं, जिससे उनकी आमदनी में इजाफा हो रहा है। महासमुंद जिले में खरीफ सीजन के दौरान धान के स्थान पर मूंगफली की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग लगातार किसानों को प्रोत्साहित कर रहा है। इसी पहल के तहत जिले में लगभग 1,000 हेक्टेयर क्षेत्र में मूंगफली की खेती की जा रही है।

कृषि उपसंचालक एफ.आर. कश्यप ने बताया कि सरायपाली विकासखंड के ग्राम बोंदानवापाली के किसान फागू लाल कैवर्त और नंदकुमार कैवर्त इस बदलाव की मिसाल बने हैं। दोनों किसानों ने राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के तहत 1 जुलाई 2026 को 0.40-0.40 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की जगह मूंगफली की बुवाई की।

किसानों का कहना है कि मूंगफली की खेती में धान की तुलना में कम पानी की आवश्यकता होती है और इसकी लागत भी कम आती है, जिससे अधिक लाभ मिलने की संभावना रहती है। कृषि विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन और वैज्ञानिक खेती की तकनीकों को अपनाकर उन्होंने समय पर बुवाई की है, जिससे बेहतर उत्पादन की उम्मीद है।

कृषि विभाग के अनुसार, जिले में दलहन, तिलहन और अन्य लाभकारी फसलों का रकबा लगातार बढ़ रहा है। मूंगफली जैसी तिलहनी फसलें किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता सुधारने और जल संसाधनों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

फागू लाल कैवर्त और नंदकुमार कैवर्त की सफलता क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन रही है। यदि अधिक किसान धान के साथ वैकल्पिक फसलों को अपनाते हैं, तो खेती को अधिक लाभकारी, टिकाऊ और जलवायु अनुकूल बनाया जा सकेगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *