जगदलपुर, 16 जुलाई। झीरम घाटी स्थित CRPF की 227वीं बटालियन के कैंप में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब जवानों की नजर करीब 7 फीट लंबे और भारी-भरकम विशालकाय अजगर पर पड़ी। कैंप परिसर में अजगर दिखाई देने की सूचना मिलते ही जवानों ने तत्काल वन विभाग को जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और CRPF जवानों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद विशालकाय अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने अजगर को उसके प्राकृतिक आवास कांगेर घाटी नेशनल पार्क में छोड़ दिया। राहत की बात यह रही कि पूरे अभियान के दौरान न तो किसी जवान या वनकर्मी को कोई नुकसान पहुंचा और न ही अजगर को किसी प्रकार की चोट आई। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखाई देने पर घबराने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि उनका सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।
